जयपुर , मई 16 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने केन्द्र की मोदी सरकार पर राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा-यूजी (नीट-यूजी) में पेपर लीक होने की घटना को रोक पाने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए मांग की है कि इस मामले में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए।
श्री गहलोत ने अपने बयान में यह मांग करते हुए कहा कि अगर श्री प्रधान इस मामले में इस्तीफा नहीं देते है तो प्रधानमंत्री को उन्हें बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वर्ष 2024 में संसद में पेपर लीक के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई थी एवं इसे रोकने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की थी लेकिन मोदी सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार श्री राहुल गांधी की इन बातों को गंभीरता से लेती तो आज नीट का पेपर लीक जैसी नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि नीट का लगातार तीन बार पेपर लीक हो गया, इसे क्या कहेंगे। पेपर लीक से 22 लाख युवाओं के भविष्य का सवाल हैं और अब राजस्थान सहित आत्महत्या की खबरें आ रही है।
उन्होंने कहा कि इनमें कोई संवेदनशीलता ही नहीं हैं। इस मामले में श्री प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए या उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए तब जाकर युवाओं को ऐहसास होगा कि सरकार कुछ कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित