रांची , मई 25 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव अम्बा प्रसाद ने नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही पेपर लीक, अनियमितताओं और परीक्षा प्रक्रिया पर उठ रहे गंभीर सवालों को देश के लाखों छात्रों और अभिभावकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है।

सुश्री प्रसाद ने आज यहां कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एन टी ए) की कार्यशैली पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिस संस्था को देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं की जिम्मेदारी दी गई थी, वही अब अव्यवस्था, गोपनीयता भंग और प्रशासनिक विफलताओं का प्रतीक बन चुकी है। पिछले कुछ वर्षों में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षा केंद्रों में धांधली, रिजल्ट में गड़बड़ी और तकनीकी अव्यवस्था की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि एनटीए पूरी तरह से अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है।

सुश्री प्रसाद ने कहा कि नीट जैसी परीक्षा, जिसमें देश के गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण परिवारों के बच्चे वर्षों की मेहनत और सपनों के साथ शामिल होते हैं, उस परीक्षा की पवित्रता पर प्रश्नचिह्न लगना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि युवाओं का भविष्य लगातार असुरक्षित होता जा रहा है। लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं, कोचिंग और पढ़ाई पर परिवार अपनी जीवनभर की कमाई खर्च कर देते हैं, लेकिन अंत में यदि पेपर लीक माफिया और भ्रष्ट तंत्र परीक्षा को प्रभावित कर दें तो यह मेहनतकश छात्रों के साथ सीधा अन्याय है।

सुश्री प्रसाद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय ने समय रहते न तो कोई जवाबदेही तय की और न ही परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए। हर बार जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करती रही है। अब स्थिति ऐसी हो गई है कि देश के छात्र एन टी ए की निष्पक्षता पर भरोसा खो चुके हैं।

कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है। साथ ही कहा कि जब देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाएं बार-बार विवादों में आ रही हैं, शिक्षा मंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर लगातार हो रही इन विफलताओं की जिम्मेदारी कौन लेगा।

कांग्रेस पार्टी ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निगरानी सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, तथा एन टी ए की कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा कर परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए।

कांग्रेस नेत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और पार्टी देशभर के छात्रों की आवाज बनकर इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।

संवाददाता सम्मेलन में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा,प्रवक्ता सोनाल शांति मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित