चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के राज्य मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) परीक्षा पेपर लीक को लेकर देशभर में चल रहे छात्रों के आंदोलन से कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) घबरा गयी हैं।

इसी कारण दोनों दल पंजाब की आप सरकार पर निराधार और भ्रामक आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। गुरुवार को जारी बयान में श्री पन्नू ने कहा कि लाखों छात्र अपने भविष्य और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और भाजपा उनके साथ खड़े होने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन इतना मजबूत हो चुका है कि इससे केंद्र और विपक्ष दोनों की बेचैनी बढ़ गयी है।

श्री पन्नू ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि फरीदकोट में सामने आया मामला पेपर लीक का नहीं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल करने का था। संबंधित अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर रंगे हाथों पकड़ा गया था और पुलिस ने तत्काल कानूनी कार्रवाई की थी। इसके बावजूद कांग्रेस जानबूझकर इस घटना को पेपर लीक बताकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पंजाब सरकार पर आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल में हुए पेपर लीक मामलों पर जवाब देना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में 90 से अधिक पेपर लीक हुए, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन घटनाओं से आहत होकर 20 से अधिक छात्रों ने आत्महत्या की, लेकिन केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ समय पर सख्त कार्रवाई करने और युवाओं का विश्वास बहाल करने में विफल रही।

श्री पन्नू ने कहा कि आज देश का युवा न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन भाजपा अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगा रही है, जबकि कांग्रेस भी उसी राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता और देश का युवा सच्चाई से पूरी तरह परिचित है तथा भाजपा और कांग्रेस झूठे आरोपों और राजनीतिक बयानबाजी के जरिए अपनी नाकामियों को नहीं छिपा सकते। उन्होंने दोहराया कि आम आदमी पार्टी युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी आवाज हर मंच पर उठाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित