नयी दिल्ली , मई 13 -- युवा कांग्रेस ने मेडिकल भर्ती के लिए आयोजित नीट परीक्षा का पेपर लीक होने के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ बुधवार को यहां प्रदर्शन कर मामले की संसदीय समिति से जांच कराने तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने यहां युवा कांग्रेस कार्यालय से रायसीना रोड की ओर मार्च निकालकर प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि नीट पेपर लीक एक गंभीर मुद्दा है और यह मोदी सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में विफल रही है।
श्री चिब ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और इसके लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा प्रभावित छात्रों को मुआवजा देने की मांग की।
श्री लाकड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) बनने के बाद लगातार पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर सवाल उठे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में कई पेपर लीक और दोबारा परीक्षाओं की घटनाओं ने छात्रों में निराशा बढ़ाई है। उन्होंने मामले की जांच के लिए जेपीसी गठित करने, प्रभावित छात्रों को मुआवजा देने तथा एनटीए के स्थान पर किसी अन्य सरकारी संस्था से परीक्षा कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित