बेतिया , जुलाई 24 -- ीट पेपर लीक, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, मुकदमे और गिरफ्तारियों के विरोध में शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन तथा ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के राज्यव्यापी आह्वान पर बेतिया में विशाल प्रतिरोध मार्च निकाला गया। शहीद पार्क से शुरू हुआ मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान छात्र-युवाओं ने पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।

मार्च को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रेलवे स्टेशन, समाहरणालय, शहीद पार्क, प्रमुख चौक-चौराहों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। शहर दिनभर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। पुलिस की निगरानी में प्रतिरोध मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कार्यक्रम के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित