मोहाली , जून 15 -- नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में पंजाब यूथ कांग्रेस ने सोमवार को मोहाली में विशाल मशाल मार्च निकाला। संगठन ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।

यह मशाल मार्च मोहाली के फेज-8 स्थित गुरुद्वारा श्री अंब साहिब से निकाला गया, जिसका नेतृत्व उदय भानु चिब ने किया। मार्च में पंजाब यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विधानसभा अध्यक्षों और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

मीडिया को संबोधित करते हुए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि नीट पेपर लीक केवल एक परीक्षा की विफलता नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों के सपनों, मेहनत और भविष्य पर सीधा हमला है, जो वर्षों तक कठिन परिश्रम करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान बार-बार पेपर लीक, परीक्षा घोटालों और अनियमितताओं की घटनाओं ने छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर से विश्वास हिला दिया है। उन्होंने कहा कि देश का युवा पहले ही बेरोजगारी जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है और ऐसी घटनाएं निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था में उसके भरोसे को कमजोर कर रही हैं।

श्री चिब ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुधार लागू करने की मांग की।

पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रभारी डॉ. स्मृति रंजन लेंका ने कहा कि यूथ कांग्रेस छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को न्याय मिलने तक संगठन सड़कों से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच पर संघर्ष जारी रखेगा।

मशाल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और युवाओं के अधिकारों तथा भविष्य की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया। पंजाब यूथ कांग्रेस ने कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है तथा छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित