नैनीताल , मई 14 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में नीट (यूजी) परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर परीक्षा को पारदर्शी तरीके से दोबारा कराने की मांग की।
नैनीताल में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शार्दुल नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पंत पार्क में एकत्र हुए। इस दौरान शार्दुल नेगी ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आ रही अनियमितताओं ने देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने इसे छात्रों के सपनों के साथ खिलवाड़ बताया।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाएं मेधावी छात्रों का मनोबल तोड़ रही हैं। एनएसयूआई ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।
प्रदर्शन के बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। वहीं हल्द्वानी में भी अक्षत पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एमबीपीजी कॉलेज के बाहर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया।
इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि प्रकरण की जांच चल रही है। देश की प्रमुख जांच एजेंसी सीबीआई मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों को भ्रमित करने वाले निराधार प्रदर्शनों से बचने की अपील भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित