नयी दिल्ली , मई 18 -- युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट पेपर लीक से आहत होने के बाद आत्महत्या करने वाली छात्रा अंशिका के परिजनों से मिलने पहुंचे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख वरुण पांडे ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि श्री चिब नीट पेपर लीक के बाद कथित रूप से आत्महत्या करने वाली छात्रा अंशिका के परिजनों से यहां उनके अवास मॉडल टाउन क्षेत्र में मुलाकात करने पहुंचे।

उन्होंने बताया कि जब श्री चिब अंशिका के परिजनों से मिलने गये तो उस दौरान अंशिका के माता-पिता घर पर नहीं थे और जब पड़ोसियों ने उन्हें बताया कि श्री चिब मिलने आये हैं तो उन्होंने मोबाइल फोन पर परिजनों से बातचीत की। इस दौरान दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा भी मौजूद रहे।

श्री चिब ने कहा कि देश के बच्चों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला यह 'महापाप' बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंशिका एक गरीब परिवार से थी और अपने माता-पिता के साथ एक छोटे कमरे में रहती थी। कथित तौर पर पेपर लीक और दोबारा परीक्षा होने की खबर से वह मानसिक रूप से बेहद निराश हो गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित