हनुमानगढ़ , मई 19 -- नीट यूजी- 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद राजस्थान के हनुमानगढ़ में छात्रों ने मंगलवार को रोष जताते हुए केंद्र सरकार एवं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ प्रदर्शन करके जमकर नारेबाजी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रों ने एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्षों से दिन-रात कोचिंग संस्थानों में तैयारी करने वाले छात्र-छात्राएं भारी आर्थिक बोझ उठाते हुए पढ़ाई करते हैं। कई छात्र घर-परिवार से दूर रहकर सपना देख रहे थे कि इस बार मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिल जाएगा, लेकिन परीक्षा रद्द होने से सब कुछ अंधकारमय हो गया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परीक्षा रद्द होने और भविष्य की अनिश्चितता से कई अभ्यर्थी गंभीर मानसिक तनाव में हैं। कुछ मामलों में आत्महत्या की खबरें भी सामने आई हैं। छात्रों ने मांग की कि दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो और पीड़ित छात्रों एवं उनके परिवारों को न्याय मिले।

उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता लाने, पेपर लीक में शामिल लोगों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि प्रभावित अभ्यर्थियों को उचित मुआवजा और दोबारा परीक्षा का स्पष्ट शेड्यूल तुरंत घोषित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित