मुंबई , मई 19 -- महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने मंगलवार को शिव सेना (यूबीटी) नेता संजय राउत पर तीखा हमला करते हुए कहा कि लातूर में कोचिंग क्लास के मालिक शिवराज मोटेगांवकर की गिरफ्तारी पर वह चुप क्यों हैं?उन्होंने श्री राउत के उन आरोपों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि राजग सरकार ने नीट पेपर लीक मामले के संबंध में संबंधित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

श्री बन ने यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की गिरफ्त में आया मोटेगांवकर खुलेआम कांग्रेस विधायक अमित देशमुख से अपनी नजदीकी का दावा करता था और उसने चुनावों के दौरान कांग्रेस के लिए प्रचार भी किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर कांग्रेस नेताओं और नीट पेपर लीक मामले के बीच संबंध सामने आ रहे हैं। श्री बन ने कहा कि श्री राउत को भाजपा पर निशाना साधने से पहले इन पहलुओं पर सवाल उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई सीबीआई और केंद्र सरकार के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक संबंधों के बावजूद किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जायेगा। श्री बन ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नीट परीक्षा को इसलिए रद्द किया गया था, ताकि छात्रों को कोई नुकसान न हो और इसकी दोबारा परीक्षा आयोजित की जायेगी। श्री बन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों की आलोचना पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों का उद्देश्य भारत की वैश्विक रणनीति और नेतृत्व को मजबूत करना है। ये व्यक्तिगत दौरे नहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित