देहरादून , जून 25 -- उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट परीक्षा को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस छात्रों के भविष्य की कीमत पर घटिया राजनीति कर रही है। देवभूमि के युवा बहुत समझदार और जागरूक हैं, उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर पूरा भरोसा है। लिहाजा दिल्ली से आए राहुल के संदेशवाहकों के झूठ एवं प्रपंच में नहीं फंसने वाले।

कांग्रेस के आरोपों को लेकर मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए श्री भट्ट ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें देश के विद्यार्थियों के भविष्य से कोई लेना-देना नहीं है। वे केवल और केवल इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण कर अपनी खोई हुई जमीन तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बेंगलुरु रैली विवाद पर भी कांग्रेस को आईना दिखाते हुए कहा कि हाल ही में 21 जून को हुई नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के दिन बेंगलुरु में कांग्रेस ने एक बड़ी रैली का आयोजन किया था। इस रैली के कारण लगे भीषण ट्रैफिक जाम की वजह से कई छात्रों की परीक्षा छूट गई। इस पूरे घटनाक्रम से पुनः स्पष्ट हुआ कि कांग्रेस को देश के होनहार छात्रों के भविष्य से ज्यादा अपनी राजनीतिक रैली और कार्यक्रमों की चिंता होती है।

श्री भट्ट ने कहा कि इसी क्रम में उनके नेता दिल्ली से आकर उत्तराखंड के युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास करने आ रहे हैं, लेकिन देवभूमि के भविष्य की पीढी बहुत जागरूक एवं समझदार है। उन्हें श्री मोदी और श्री धामी की नीतियों और नीयत पर पूरा विश्वास है, वे विपक्षी की नकारात्मक राजनीति के झांसे में नहीं आने वाले। वे नीट की पुनः परीक्षा के सकुशल सम्पन्न होने से हताश और निराश हैं। उन्होंने दोनों दलों की सोच का अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने खुद हवाई अड्डे पर 45 मिनट तक सिर्फ इसलिए इंतजार किया, ताकि नीट अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो। दूसरी तरफ कांग्रेस है, जिसने छात्रों की परीक्षा के दिन अपनी रैली तक रद्द करना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पारदर्शी व्यवस्था और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिसे केंद्र के साथ राज्य की निष्पक्ष, पारदर्शी, ईमानदार और व्यवस्थित परीक्षा प्रक्रिया को देखकर आसानी से समझा का सकता है। प्रदेश में मुख्यमंत्री धामी ने कठोरतम नकल कानून लागू कर कांग्रेस के जमाने से जड़े जमाए नकल माफियाओं को उखाड़ फेंका है। लिहाजा उनका यह दांव देवभूमि में बिल्कुल असर नहीं करने वाला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित