भोपाल , जून 13 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, परीक्षार्थियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज कलेक्टर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक में कहा कि पुलिस प्रशासन परीक्षार्थियों के साथ सकारात्मक व्यवहार करते हुए हर संभव सहयोग प्रदान करे। जिला स्तर पर सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी प्रकार की अफवाह फैलने पर तत्काल सही जानकारी सार्वजनिक की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 30 जिलों में नीट परीक्षा के लिए 283 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सर्वाधिक 57 केंद्र इंदौर में हैं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित मध्यप्रदेश दौरे के मद्देनजर आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, अनुपम राजन और शिव शेखर शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिला स्तर पर विकास एवं जनकल्याण योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी। इसके लिए जुलाई माह में कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री अपने संबोधन में जिले की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करेंगे। इसके पूर्व राज्य स्तर से मुख्यमंत्री का संबोधन प्रसारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तर की उपलब्धियों के व्यवस्थित दस्तावेजीकरण के लिए तत्काल तैयारी शुरू की जाए। इसी आधार पर प्रत्येक जिले की विकास पुस्तिका तैयार की जाएगी, जिससे विकास और जनकल्याण गतिविधियों का समग्र लेखा-जोखा उपलब्ध हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित