सहारनपुर , जून 20 -- सहारनपुर नगर निगम में खाद्य निरीक्षक राजेश कुमार के इकलौते बेटे जतिन कुमार (23) का फांसी लगा कर जान देने का वीडियो उनके मोबाइल में मिला है। वह एक मिनट पांच सेकंड का है।

राजेश कुमार ने बताया कि उसका बेटा दोबारा नीट की परीक्षा को लेकर तनाव में था। बेटे जतिन कुमार ने गाजियाबाद के विजय नगर सेक्टर-नौ में कल फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने अपना जीवन खत्म करने से पहले मोबाइल फोन में वीडियो रिकार्ड किया था जिसमें उसने दोबारा नीट परीक्षा देने को लेकर मानसिक तनाव का जिक्र किया था। वह कई वर्षों से नीट की तैयारी कर रहा था। नौ मई को हुई नीट की परीक्षा भी संतोषजनक नहीं रही थी। इसी बीच दूसरी बार नीट परीक्षा की अनिश्चितता से वह परेशान था।

पिता ने बताया कि कल रात आठ बजे उनके बेटे ने अपने दादा से फोन पर बातचीत कर 21 जून को प्रस्तावित पुनः नीट परीक्षा और परीक्षा केंद्र की जानकारी दी थी। उसके दादा ने कहा था कि वह अपने पिता को साथ लेकर परीक्षा देने जाए लेकिन पिता को सहारनपुर के नगर निगम अधिकारियों ने इसके लिए अवकाश नहीं दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित