जालौन , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आटा थाना क्षेत्र के चमारी टोल प्लाजा के पास उकासा मोड़ पर मंगलवार शाम एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर ऑटो और मोपेड से टकरा गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज, उरई में भर्ती कराया गया है।

थानाध्यक्ष अभिलाख मिश्रा ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6:10 बजे गुजरात के अहमदाबाद से राम सवारे वर्मा (85) का शव लेकर उनके परिजन इनोवा एंबुलेंस से सुलतानपुर जा रहे थे। आटा थाना क्षेत्र के उकासा मोड़ के पास चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ऑटो और सड़क किनारे जा रहे मोपेड सवार से टकरा गई। टक्कर से ऑटो पलट गया।

हादसे में लालाराम (53), निवासी लोहागढ़, थाना समथर, जिला झांसी; रामसिंह (60), निवासी नया पाठकपुरा, उरई; प्रियंका (20), अनामिका (22) और राजकुमारी (38), निवासी बम्हौरी, थाना कदौरा; राजेंद्र (42) और अभिमन्यु (30), निवासी इकोना, थाना कदौरा तथा धर्मेंद्र (36), निवासी हैदलपुर, थाना आटा घायल हो गए। धर्मेंद्र की हालत गंभीर बताई गई है।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में ले लिया। एंबुलेंस चालक को पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मृतक के शव और उनके परिजनों को दूसरी एंबुलेंस से सुलतानपुर रवाना किया गया।

थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित