जयपुर , मई 29 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजधानी जयपुर के नींदड वन को अत्यंत सुंदर और संभावनाओं से परिपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा हैं क राज्य सरकार इसे सघन पौधारोपण के माध्यम से विकसित करेगी ताकि यहां प्रकृति पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके।
श्री शर्मा शुक्रवार को नींदड वन क्षेत्र में नींदड बैनाड़ बायोडाइवर्सिटी प्रोजेक्ट ईको ट्रेल का उद्घाटन किया और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत एनिकट पर श्रमदान कर आमजन से जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रकृति पूजा की सांस्कृतिक परंपराओं का पालन करते हुए मंत्रोच्चार के साथ पीपल पूजन किया। उन्होंने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के लिए कामना की। उन्होंने पक्षियों के लिए परिंडे बांधे तथा महिलाओं को तुलसी के पौधे वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफेद चंदन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के अंतर्गत हमारा प्रयास है कि ऐसे कई स्थानों पर एनिकट एवं जल संचय संरचनाओं का निर्माण कर वर्षा जल को एकत्रित किया जा सके। इसी तरह प्रधानमंत्री के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरणा लेकर इस वर्ष भी हमारी सरकार ने 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित