गोपालगंज,22अक्टूबर(वार्ता)बिहार विधान परिषद् के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन में 23 अक्टूबर को निष्पक्ष,शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई।ब्रीफिंग में प्रतिनियुक्त सुपर जोनल, जोनल दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों , माइक्रो आब्जर्वर तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन कार्यों का सुचारू रूप से संचालन करें।उन्होंने निर्देश दिये कि निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पूर्णतः पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदान समय पर प्रारंभ कराने, मतपेटिकाओं एवं मतपत्रों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान केन्द्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने पर विशेष जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि गोपालगंज जिले में कुल 1297 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग संबंधित 14 मतदान केंद्रों पर करेेंगे। मतदान का समय पूर्वाह्न 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित