नयी दिल्ली , सितंबर 04 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि छात्रा निशु आजाद को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस के विधि विभाग ने छह वकीलों की टीम बनाई है।
श्री सिंघवी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी देते हुए लिखा कि पार्टी नेता राहुल गांधी के स्पष्ट समर्थन के बाद कांग्रेस के विधि विभाग ने ऋषव रंजन के नेतृत्व में छह वकीलों को निशु आजाद को न्याय दिलाने के लिए तैनात किया है।
उन्होंने कहा कि उनकी कानूनी टीम ने पिछले कुछ दिनों से निशु आजाद को मिल रही दुष्कर्म की धमकियों के संबंध में अलग शिकायत भी तैयार कराकर दर्ज कराई है।
श्री सिंघवी ने कहा कि विस्तृत विचार-विमर्श के बाद दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम से संबंधित उचित धाराएं जोड़ने युवती को धमकी देने वाले स्वतंत्र भारद्वाज को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने तथा ऑनलाइन दुर्व्यवहार, उत्पीड़न और धमकियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस के ये आश्वासन अब त्वरित और स्पष्ट कार्रवाई में बदलने चाहिए। किसी महिला को दुष्कर्म की धमकी, डराना और निशाना बनाकर ऑनलाइन दुर्व्यवहार करना महज सोशल मीडिया की घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और जब इससे उसकी सुरक्षा, गरिमा तथा स्वतंत्रता प्रभावित होती है तो कानून को पूरी ताकत से कार्रवाई करनी चाहिए। उनका कहना था कि कांग्रेस तब तक मामले पर नजर रखेगी, जब तक पुलिस के सभी आश्वासन पूरी तरह लागू नहीं हो जाते।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित