नयी दिल्ली , मार्च 10 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के जनता दल (यूनाइटेड) शामिल होने को लेकर दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसको लेकर मंगलवार को यहां पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया गया।
राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर रोड पर स्थित दिल्ली जदयू के कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा हर्षोल्लास के साथ श्री निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने का जश्न मनाया। इस अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
दिल्ली (जदयू) के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने इस मौके पर कहा कि श्री निशांत कुमार के जदयू परिवार में शामिल होने से न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में, बल्कि यहां रह रहे करोड़ों बिहारियों के बीच भी उत्साह का माहौल है। युवा सोच और नेतृत्व को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चाहने वाले करोड़ों लोगों में नयी ऊर्जा और उम्मीद जगी है।
उन्होंने कहा कि श्री निशांत कुमार में मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक अनुभव, उनकी बेहतरीन कार्यशैली तथा जदयू की मूल विचारधारा की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके सक्रिय योगदान से संगठन को मजबूती मिलेगी और युवाओं के बीच पार्टी की पकड़ और सशक्त होगी।
श्री कुमार ने कहा कि 14 करोड़ बिहारियों को अपना परिवार मानते हुए मुख्यमंत्री हर वर्ग की तरक्की, उन्नति और खुशहाली के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। गत 10 से 14 मार्च के बीच माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोशी-सीमांचल सहित राज्य के 10 जिलों का दौरा करेंगे और विभिन्न विकास योजनाओं का जमीनी अवलोकन करेंगे। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उद्योग सहित सभी क्षेत्रों के आधारभूत ढांचे के विकास को नई दिशा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
वहीं, दिल्ली जदयू के महासचिव सर्वेश कश्यप ने कहा कि कार्यकर्ताओ की पुरजोर मांग पर जदयू परिवार में इंजीनियर निशांत का स्वागत है। युवा सोच और नयी ऊर्जा के साथ जदयू को नयी गति मिलेगी। साथ ही मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा आने वाले दिनों में बिहार को देश के शीर्ष 10 विकसित राज्यों में शामिल करने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा राज्य के समग्र विकास को नयी दिशा प्रदान करेगी। इसके साथ ही यह यात्रा भावी पीढ़ियों के लिए स्वर्णिम बिहार के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित