नयी दिल्ली , मई 19 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू ) की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने विपक्षी दलों के नेताओं पर आरोप लगाया है कि वे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की छवि खराब करने के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं।
श्री शैलेश ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि श्री निशांत की सादगी, ईमानदारी और जनता के प्रति समर्पण ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। एक जनप्रतिनिधि का साधारण पहनावा, सामान्य चप्पल पहनना और जमीन से जुड़े रहना यदि विपक्ष को खटक रहा है, तो यह उनकी सोच और संस्कारों का परिचायक है। बिहार की जनता दिखावे की राजनीति नहीं, बल्कि काम करने वालों को पहचानती है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लिए जा रहे कई महत्वपूर्ण निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं से आम जनता के भीतर संतोष और विश्वास की भावना मजबूत हुई है। यही कारण है कि बिहार की जनता का भरोसा लगातार निशांत कुमार जी के प्रति बढ़ रहा है और विपक्ष इसी जनसमर्थन से घबराया हुआ है।
दिल्ली जद यू के अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग आज नैतिकता का ढोंग कर रहे हैं, वही लोग जंगलराज, भ्रष्टाचार, अपराध और सामाजिक अराजकता के प्रतीक रहे हैं। कम से कम श्री निशांत पर न तो भ्रष्टाचार का कोई आरोप है, न किसी प्रकार के अनैतिक आचरण का दाग। उनके खिलाफ व्यक्तिगत और परिवारिक स्तर पर की जा रही टिप्पणियां न केवल निंदनीय हैं बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी खिलाफ हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित