पटना , जून 18 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की दूरदर्शी सोच और जनकल्याणकारी पहल के कारण राज्य में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार का कोई भी नागरिक बेहतर इलाज से वंचित न रहे और हर परिवार को सुलभ, सस्ती एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर जिला अस्पतालों सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक संसाधनों से सशक्त बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराना तथा रेफरल की आवश्यकता को कम करना है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि पीएमसीएच में 24 घंटे एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच सुविधाएँ शुरू करने की पहल स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी तथा गंभीर रोगियों को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस सुविधा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री गंभीरतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। साथ ही राज्य में ट्रॉमा सेंटरों के विस्तार की योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित