पंचकूला , अगस्त 12 -- हरियाणा पुलिस ने निवेश के नाम पर तीन करोड़ 26 लाख 40 हजार रुपये की साइबर ठगी में रकम हासिल करने के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की फर्म के खाते में ठगी की रकम में से 24 लाख रुपये पहुंचे थे। पुलिस अब खाते से जुड़े लेन-देन और साइबर ठगी के पूरे गिरोह की कड़ियां खंगाल रही है।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मालीराम मीणा, निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। साइबर अपराध दक्षिण, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों में हुए लेन-देन की जांच के आधार पर उसे मंगलवार को जयपुर से गिरफ्तार किया था।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को एक व्हाट्सऐप समूह में जोड़कर निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच दिया गया। इसके बाद उससे अलग-अलग बैंक खातों में कुल तीन करोड़ 26 लाख 40 हजार रुपये जमा करवाकर साइबर ठगी की गई।

जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 24 लाख रुपये एक फर्म के बैंक खाते में जमा हुए। इनमें से छह लाख 60 हजार दो रुपये आगे एक अन्य कंपनी के बैंक खाते में भेजे गए। यह खाता गिरफ्तार आरोपी मालीराम मीणा के नाम पर पाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी फर्म का बैंक खाता एक अन्य व्यक्ति को एक लाख 40 हजार रुपये में उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, इसी खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया गया। आरोपी चाय की दुकान चलाता है और उसने चाय की दुकान के नाम पर ही फर्म बनाई थी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी से खाते के जरिए हुए पूरे वित्तीय लेन-देन, साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों और पूरे गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है। हिरासत के दौरान ठगी की रकम की बरामदगी और अन्य आरोपियों की पहचान को लेकर पूछताछ की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित