रांची , सितंबर 28 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रांची स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव किया गया।
भारत की चुनाव प्रणाली में निर्वाचन आयोग की कथित अनियमितताओं, विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया तथा चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत आज कार्यक्रम किया गया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस के सैकड़ों नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पुराना विधानसभा परिसर से विशाल जुलूस की शक्ल में निकले। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कांग्रेस कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारे लगाते हुए निर्वाचन कार्यालय पहुंचे, जहां जुलूस एक सभा में तब्दील हो गया। इसके उपरांत प्रधामंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर लोकतंत्र की चोरी के आरोप में इस्तीफा की मांग की।
सभा को झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव एवं विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक डॉ रामेश्वर उरांव, सुरेश बैठा, रामचन्द्र सिंह, अम्बा प्रसाद, पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहु, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने संबोधित किया। सभा का संचालन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने किया। इसके उपरांत चुनाव आयुक्त के. रवि कुमार को राष्ट्रपित के नाम ज्ञापन सौंप निर्वाचन आयोग के कार्यप्रणाली विशेष गहण पूर्व निरिक्षण, मतदाता सूची में किये गये बदलाव तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के संबंध में उठाये गये दो आयुक्तों के गंभीर प्रश्नों पर स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा की मांग की गई।
झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत बुनियाद निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था है। यदि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर देश के नागरिकों के मन में सवाल खड़े होते हैं, तो निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि वह उन सवालों का स्पष्ट जवाब दे। कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता देश के लोकतंत्र से सीधे जुड़ी हुई है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रही तमाम आशंकाओं को दूर करना आवश्यक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा चुनावी पारदर्शिता को लेकर विपक्षी दलों और आम लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए, ताकि निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच हो सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग किसी राजनीतिक दल के प्रति जवाबदेह नहीं, बल्कि संविधान और देश के मतदाताओं के प्रति जवाबदेह संवैधानिक संस्था है। कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव केवल मतदान कराने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी भेदभाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का समान अवसर देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, उनका तथ्यात्मक और स्पष्ट जवाब निर्वाचन आयोग को देश की जनता के सामने देना चाहिए।
विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियादी दस्तावेज है और उसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता सीधे नागरिक के मताधिकार को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के नाम यदि किसी प्रक्रिया के कारण मतदाता सूची से प्रभावित होते हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मतदाता के अधिकार से जुड़ा कोई भी विषय पारदर्शिता और जवाबदेही से बाहर नहीं हो सकता। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इन सवालों को जनता के बीच ले जाएगी और जब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक आवाज उठाती रहेगी।
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि निर्वाचन आयोग को यह सुनिश्चित करना होगा कि एक भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे तथा मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को मजबूती से उठाएंगे। जनता के वोट की ताकत ही लोकतंत्र की असली ताकत है और उसके अधिकार से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहु ने कहा कि देश में लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग से जुड़े सवालों का समाधान संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही के माध्यम से होना चाहिए तथा जनता के विश्वास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
आज के कार्यक्रम में बन्धु तिर्की, शहजादा अनवर, केएन त्रिपाठी, सतीश पॉल मुंजनी, राकेश सिन्हा, रविन्द्र सिंह, जयशंकर पाठक, गुंजन सिंह, रमा खलखो, प्रदीप तुलस्यान, डॉ राजेश गुप्ता छोटू, आलोक कुमार दूबे, लाल प्रेम प्रकाशनाथ शाहदेव, सूर्यकांत शुक्ला, सुनीत शर्मा, लाल किशोर नाथ शाहदेव, सुरेन्द सिंह, राकेश किरण महतो, शशि भूषण राय, ज्योति सिंह मथारू, रियाज अंसारी, सोमनाथ मुंडा, सुलतान अहमद, मंजूर अंसारी, राजन वर्मा, डॉ एम तौसीफ, कुमार गौरव, सोनल शांति, उज्जल प्रकाश तिवारी निशांत जासयवाल, रविन्द्र वर्मा, आदित्य विक्रम जायसवाल, शान्तनू मिश्रा, सुभाष कुमार, शहबाज अहमद, जगदीश साहू,नीतू देवी, गौरव सिंह, शकिल अख्तर अंसारी राजेश सिन्हा सन्नी, अजय सिंह, सतीश कैशरी, इन्द्रजीत सिंह, इन्दिरा तुरी, महेश सिंह, दीपक ओझा, नरेन्द्र लाल गोपी, केके गिरि, जगरनाथ साहु, ऐनूल हक, सुजीत पटेल, मेरी तिर्की, हुसैन खान, राजेश चन्द्र राजू आदि सैकड़ो कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित