नयी दिल्ली , मार्च 17 -- सरकार ने लोकसभा में स्पष्ट किया है कि ईरान युद्ध की वजह से रास्ता नहीं मिलने के कारण यदि कोई निर्यात किया गया सामान वापस आता है तो अनलोडिंग होने पर उसे घरेलू सामान के रूप में ही माना जाएगा और आयात नहीं माना जायेगा।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा राज्य मंत्री जतिन प्रसाद ने लोकसभा में मंगलवार को एक पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि वैश्विक माहौल में जो सामान निर्यात हो रहा है उसे निर्धारित जगह पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और यदि किसी स्थिति से सामान वापस आता है, रास्ता बंद होने के कारण आगे नहीं जा पा रहा है तो उसकी अनलोडिंग होने पर उसे घरेलू सामान माना जाएगा और उसे आयत के सामान के रूप में नहीं देखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन स्थितियों से निपटने के लिए अंतर मंत्रालय समिति का भी गठन किया गया है। समिति में इस तरह के मामले आते हैं या नये माहौल में जो भी नए प्रश्न खड़े होते हैं समिति के जरिए उनके समाधान का प्रयास किया जाता है। उनका कहना था कि समिति निर्यात को बढ़ावा देने की नीतियों और बदलाव के माहौल में विविधता लाने पर भी काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित