चंडीगढ़ , जून 18 -- हरियाणा सरकार ने निर्माण श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए निर्माण श्रमिक पंजीकरण पोर्टल को दोबारा शुरू कर दिया है। श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि लंबे समय से लंबित श्रमिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने यह निर्णय लिया है, ताकि वास्तविक और पात्र श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना और व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करना है। पूर्व में मिली शिकायतों और अनियमितताओं की जांच के बाद संशोधित एवं अधिक मजबूत व्यवस्था के साथ पंजीकरण प्रक्रिया फिर शुरू की गई है।
अनिल विज ने कहा कि नए निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया गया है। साथ ही, सत्यापन और जांच में पात्र पाए गए श्रमिकों की सदस्यता नवीनीकरण प्रक्रिया भी पुनः शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिन मामलों में जांच के दौरान पंजीकरण अमान्य या अपात्र पाया गया था, उनके लिए क्षेत्रीय अधिकारियों की शिकायत निवारण समिति गठित की गई है। प्रभावित श्रमिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत समिति के समक्ष अपनी आपत्ति या शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिस पर निष्पक्ष रूप से विचार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित