दरभंगा , सितंबर 19 -- श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से शनिवार को बिरौल प्रखंड कार्यालय के सभागार में जागरूकता सह आवेदन सृजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निर्माण श्रमिकों को बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत निबंधन, नवीकरण तथा बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी।

कार्यक्रम का उद्घाटन गौड़ाबौराम विधायक सुजीत कुमार, उप श्रमायुक्त दरभंगा प्रमंडल राकेश रंजन, श्रम अधीक्षक दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी बिरौल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उप श्रमायुक्त दरभंगा प्रमंडल राकेश रंजन ने श्रमिकों को निबंधन एवं नवीकरण की प्रक्रिया के साथ बोर्ड की 16 योजनाओं तथा अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना तथा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के संबंध में भी बताया। इस दौरान योजनाओं से संबंधित बुकलेट एवं पैम्फलेट वितरित किये गये।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के विधायक सुजीत कुमार ने निर्माण श्रमिकों से शीघ्र निबंधन कराने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उन्हें बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बाल श्रम रोकने का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों के माता-पिता की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को विद्यालय भेजें और उन्हें शिक्षा का अधिकार दिलायें। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और बाल श्रमिक के रूप में काम न करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित