भिवानी , सितंबर 6 -- हरियाणा के बवानी खेड़ा संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा हरियाणा के आह्वान पर निर्माण मजदूरों ने बवानी खेड़ा स्थित गुलाब सिंह पार्क के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मजदूरों ने 15 माह से बंद पोर्टल खोलने, रद्द किए गए 95 प्रतिशत मजदूरों के पंजीकरण बहाल करने, मनरेगा का पुराना कानून लागू करने, आवास योजना, छात्रवृत्ति और बीपीएल कार्ड की सुविधाएं बहाल करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी और श्रम मंत्री अनिल विज के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस प्रशासन ने 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर करीब तीन घंटे तक घुमाया और बाद में उन्हें छोड़ दिया।

प्रदर्शन एवं सभा की संयुक्त अध्यक्षता भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा (सीटू) के भिवानी जिला प्रधान सदीक डाढ़म और भवन निर्माण मजदूर संघ हरियाणा के जिला महासचिव साधुराम रुपाणा ने की। सभा को यूनियन के राज्य महासचिव सुखबीर सिंह, जिला सचिव अनिल कुमार और इंटक नेता सत्यवान ने संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित