रायपुर , सितम्बर 11 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास एवं निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश देते हुए कहा है कि कार्यों में अनावश्यक विलंब होने पर अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

श्री साव ने शुक्रवार को दंतेवाड़ा में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यशैली और कार्य संस्कृति में बदलाव लाकर परिणाम आधारित काम करने को कहा।

उन्होंने चारों विभागों के स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों सहित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन की पूर्ण योजनाओं को संचालन के लिए ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने तथा प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को जल्द पूरा करने को कहा। ठेकेदारों एवं संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों के भुगतान और जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से समन्वय के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित