गोपालगंज , नवंबर 10 -- बिहार में गोपालगंज जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक निर्माणाधीन मकान में बालू के नीचे छिपाकर रखा गया अवैध देशी कट्टा बरामद किया है।
इस मामले में पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार, नौ नवंबर को विशंभरपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम बलिवन रायमल स्थित एक घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल छठू यादव के घर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
इस दौरान मौके पर एक विधि-विरुद्ध बालक मौजूद मिला। उसके माता-पिता के संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि घर पर दोनों मौजूद नहीं हैं।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार अभिरक्षा में लेते हुए विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान मकान के पूर्वी एवं दक्षिणी कोने में स्थित कमरे की खिड़की के समीप बालू के नीचे छिपाकर रखा गया एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार को विधिवत जब्त करते हुए विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित