हरिद्वार , अगस्त 01 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गयी।

बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे विश्राम कर रहे दो शिवभक्तों पर अचानक भारी लोहे का गार्डर (चैनल) गिर गया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कांवड़ यात्रियों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान तनुज (21) निवासी मुरादनगर और किशन (22) निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान थकान होने पर वे निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। इसी दौरान वहां रखा भारी लोहे का गार्डर अचानक अपनी जगह से खिसककर उनके ऊपर आ गिरा, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही शांतरशाह चौकी और बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को गार्डर के नीचे से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और मृतकों के साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सुरक्षा मानकों के पालन और भारी लोहे का गार्डर वहां किसकी लापरवाही से रखा गया था, इसकी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित