रायपुर , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन पानी की टंकी में गिरने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में घटना को लापरवाही से जुड़ा बताया जा रहा है।पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घर में बन रही पानी की टंकी में डूबने से एक मासूम की जान चली गई। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, अमलीडीही इलाके के महात्मा गांधी नगर में एक मकान में पानी टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान परिवार का डेढ़ वर्षीय बच्चा खेलते-खेलते निर्माणाधीन टंकी के पास पहुंच गया और अनजाने में उसमें गिर गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चे की मां घर पर नहीं थी और वह काम पर गई हुई थी। घर में मौजूद दादी के साथ खेलते समय बच्चा अचानक नजरों से ओझल हो गया। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो कुछ समय बाद वह पानी टंकी में डूबा हुआ मिला।
घटना के बाद परिजन बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित