सिरोही , अक्टूबर 23 -- उद्याेगपति निर्मल कुमार लालचंद जैन परिवार ने राजस्थान के सिरोही जिले के पिंडवाड़ा में राजकीय महाविद्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए राज्य सरकार को करीब 3.50 करोड़ रुपये की चार बीघा 43 बिस्वा भूमि दान दी है। जिस पर छह करोड़ रुपए की लागत से काॅलेज का भवन बनाया जायेगा।
श्री जैन ने जयपुर में उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा से मुलाकात कर उन्हें इस बारे में जानकारी दी और इसके बाद राज्य सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। एमओयू से पहले डॉ. बैरवा ने सामाजिक कार्य के लिए आगे आने के लिए श्री जैन का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने पिंडवाड़ा आदिवासी क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बहुत बड़ी सौगात दी है।
श्री पावापुरी ट्रस्ट के प्रबंधन ट्रस्टी महावीर जैन ने बताया कि सिरोही जिले में पिछले पांच वर्षों में छह-छह करोड़ रुपए की लागत के चार काॅलेज दानवीरों (भामाशाहों) ने बनाए हैं और अब यह पांचवां काॅलेज पिंडवाड़ा में बनाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित