पटना , अप्रैल 10 -- राजधानी पटना में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पेसू की तरफ से तैयारियां पूरी कर ली गयी है, जिसके तहत राजधानी में 18 सब स्टेशन में 12 पीएसएस का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गर्मी में पटना शहर में बिजली की अधिकतम मांग 1000 मेगावाट से अधिक होने की संभावना है। इसके लिए पूर्व से ही पेसू टीम की तरफ से लगातार सेवा विस्तार किया जा रहा है, जिसके तहत पटना शहर में 18 नए पॉवर सब-स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि 12 नए पॉवर सब-स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। आगामी पांच से छह महीनों में चालू किये जाने की संभावना है। नए सब स्टेशन के निर्माण से वर्तमान सब स्टेशन पर लोड कम हो जायेगा एवं इससे जुड़े मुहल्ले की विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा।
अधिकारियों ने बताया कि नये पावर सब स्टेशन के निर्माण से फीडर की लंबाई कम हो जायेगी, जिससे बिजली ट्रिपिंग एवं ब्रेकडाउन की संभावनाएं कम हो जायेगी साथ ही ब्रेकडाउन की स्थिति में फीडर को पुनः चालू करने में अपेक्षाकृत कम समय लगेगा एवं बिजली की गुणवत्ता में सुधार होगा।
गौरतबल है कि राजधानी में फिलहाल पावर सब स्टेशन की संख्या 84 है। पीएसएस की संख्या बढ़ जाने मौसम के कारण बिजली बाधित होने की संभावना बेहद कम हो जायेगी। साथ ही हर घर में क्वालिटी बिजली आपूर्ति की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित