भीलवाड़ा , सितम्बर 17 -- राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम की पहली महापौर को लेकर चल रही अनिश्चतता की स्थिति गुरुवार को समाप्त हो गई।
यहां महापौर पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाली संतोष कंवर ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महापौर प्रत्याशी जसवंत कंवर के निर्विरोध निर्वाचित होने का रास्ता साफ हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह संतोष कंवर अपने पति गजेंद्र सिंह और अन्य समर्थकों के साथ नगर निगम पहुंचीं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत महापौर पद से अपना नामांकन वापस ले लिया।
बुधवार को महापौर पद के लिए भाजपा की ओर से जसवंत कंवर और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में संतोष कंवर मैदान में थीं। कांग्रेस की ओर से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित