जयपुर , अक्टूबर 13 -- राजस्थान के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीकानेर में दिये गये बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस के नेता निराधार आरोपों की राजनीति कर रहे हैं जबकि उन्हें प्रदेश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

श्री पटेल ने मंगलवार को अपने बयान में कहा कि कांग्रेस के नेता हर विषय पर राजनीति करने की बजाय प्रदेश की जनता को यह बतायें कि उनके शासनकाल में विकास और जनसुविधाओं के लिए कितने ठोस और दूरगामी निर्णय लिए गये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बैठकों और दौरों पर टिप्पणी करने से पहले यह समझना चाहिए कि प्रशासनिक समीक्षा, अधिकारियों की जवाबदेही तय करना और विकास कार्यों की प्रगति की निगरानी सुशासन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंन कहा "जनता जानती है कि आपको जनहित से कोई सरोकार नहीं था, इसीलिए जनता के काम करने के बजाय सरकार बचाने के लिए महीनों तक आप होटलों में बैठे रहे।"उन्होंने कहा कि श्री गहलोत को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका केवल आरोप लगाना नहीं, बल्कि रचनात्मक सुझाव देना भी है। निकाय चुनाव, परिसीमन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में यदि कांग्रेस के पास कोई तथ्यात्मक शिकायत है तो उसे संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत करना चाहिए। बिना प्रमाण पूरे प्रशासन या पुलिस व्यवस्था पर आरोप लगाने से जनता का भला नहीं होगा। कांग्रेस को निराधार आरोपों की राजनीति छोड़कर प्रदेश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित