अहमदाबाद , अप्रैल 06 -- ट्रैवल फिनटेक कंपनी नियो ने देश में 50-शाखाओं वाले "फिजिटल" नेटवर्क बनाने की योजना के तहत अहमदाबाद में अपनी नियो फॉरेक्स शाखा शुरू करने की सोमवार को घोषणा की।
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि अहमदाबाद शाखा का संचालन कांजी फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड के तहत किया जा रहा है, जो भारतीय रिजर्व बैंक से लाइसेंस प्राप्त इकाई है। गुजरात ऐसा राज्य है जहां से पर्यटन और अध्ययन के लिए बड़ी संख्या में लोग विदेश जाते हैं तथा रेमिटेंस का काफी प्रवाह होता है।
कंपनी ने पिछले सप्ताह ही चेन्नई शाखा शुरू की थी, जो इसके डिजिटल पेशकश के साथ-साथ अपने फिजिकल नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने की दिशा में प्रयास को दर्शाता है।
नियो फॉरेक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित तलवार ने कहा कि गुजरात लंबे समय से विदेश जाने वाले भारतीयों का एक प्रमुख स्रोत रहा है। अनुमानित 50-60 लाख गुजराती मूल के लोग भारत के बाहर रहते हैं। गुजराती समुदाय का समुद्री व्यापार और प्रवासन का लंबा इतिहास रहा है, जिसकी शुरुआत पूर्वी अफ्रीका से हुई और पिछले कुछ दशकों में यह अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अब जर्मनी जैसे देशों तक फैल गया है। यही कारण है कि नियो के लिए स्थानीय उपस्थिति बनाना आवश्यक है।
नियो फॉरेक्स शाखा में फॉरेक्स कार्ड, फॉरेक्स कैश और देश से बाहर रेमिटेंस भेजने जैसी सेवाओं के साथ-साथ फ्लाइट और होटल बुकिंग, वीज़ा सहायता, ई-सिम और यात्रा बीमा जैसी मूल्यवद्धित सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
नियो फॉरेक्स के मुख्य व्यवसाय अधिकारी साई शंकर ने कहा कि विदेश जाने वाले भारतीय पर्यटकों में लगभग 18 प्रतिशत गुजराती हैं। एक गुजराती अंतर्राष्ट्रीय यात्री का औसत खर्च प्रति यात्रा लगभग डेढ़ लाख रुपये है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित