भोपाल , मई 06 -- मध्यप्रदेश के भोपाल में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में देरी के विरोध में चयनित अभ्यर्थियों ने लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के सामने प्रदर्शन किया और शीघ्र नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा की चयन सूची जारी हुए करीब 9 माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं हुए हैं और न ही चॉइस फिलिंग प्रक्रिया शुरू हो सकी है। इससे लगभग 10,700 चयनित अभ्यर्थी प्रभावित हैं।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में शुरू हुई थी, जिसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा और 2025 में चयन परीक्षा आयोजित की गई। सितंबर 2025 में परिणाम और चयन सूची जारी होने के बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि नियमों के अनुसार चयन सूची जारी होने के तीन माह के भीतर नियुक्ति आदेश जारी होना चाहिए, लेकिन विभाग द्वारा लगातार देरी की जा रही है। उनका कहना है कि पात्र-अपात्र सूची जारी नहीं होने और पोर्टल पर अपडेट न मिलने से अनिश्चितता बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी है, इसके बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया में देरी समझ से परे है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियुक्ति आदेश जारी नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित