अलवर , अगस्त 19 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र मिलने के बावजूद सेवा ग्रहण नहीं कराने का मामला बुधवार को तूल पकड़ गया।
आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर यातायात अवरुद्ध कर दिया दिया। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन मौके पर पहुंचे और रास्ता खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि कुछ दिन पहले धरने के दौरान वन मंत्री संजय शर्मा ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे थे, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से अब तक उन्हें अब तक काम पर नहीं लिया है।
कर्मचारियों का आरोप है कि वर्ष 2012 में 329 सफाई कर्मचारियों की भर्ती हुई थी, लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें नियुक्ति और सेवा ग्रहण करने को लेकर परेशान होना पड़ रहा है। कर्मचारियों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के बाद भी काम नहीं मिलेगा तो वे अपने घर-परिवार का गुजारा कैसे करेंगे।
इस मामले को लेकर कर्मचारियों ने निगम प्रशासन से तत्काल सेवा ग्रहण कराने की मांग की है। वहीं सड़क पर यातायात रुकने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित