रायपुर , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ ने एलबी संवर्ग के शिक्षकों की सेवा की गणना नियुक्ति तिथि से करते हुए पुरानी पेंशन सहित समस्त लाभ देने की मांग को लेकर शुक्रवार को राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर सत्याग्रह आंदोलन किया।

संघ का दावा है कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में वर्ष 1998-99 से 2004 के पूर्व नियुक्त शिक्षक आंदोलन में शामिल हुए।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी ने बताया कि संगठन की एक सूत्रीय मांग है कि वर्ष 1998 से नियुक्त एलबी संवर्ग के शिक्षकों की सेवा की गणना उनकी वास्तविक नियुक्ति तिथि से की जाए और उसी आधार पर पुरानी पेंशन सहित सकल लाभ प्रदान किए जाएं।

उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर संघ की ओर से लगातार राज्य सरकार, मंत्रियों, विधायकों, सांसदों तथा शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए हैं लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

श्री तिवारी ने उच्चतम न्यायालय के आठ सितंबर 2026 के एक फैसले का उल्लेख करते हुए दावा किया कि न्यायालय ने वर्ष 2004 से पूर्व नियुक्त कर्मचारियों की सेवा और पेंशन संबंधी अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण व्यवस्था दी है। उन्होंने कहा कि संघ का मानना है कि इसका लाभ पात्र एलबी संवर्ग के शिक्षकों को भी मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि इन शिक्षकों की नियुक्ति वर्ष 1998-99 में शिक्षा विभाग द्वारा आवंटित पदों पर हुई थी। वर्ष 2001 में उनका नियमितीकरण और वर्ष 2018 में स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन किया गया। संघ का कहना है कि वर्ष 2004 से पहले पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू होने के कारण संबंधित शिक्षकों की सेवा की गणना भी उनकी प्रारंभिक नियुक्ति तिथि से की जानी चाहिए।

संघ ने दावा किया कि वर्ष 1998-99 में नियुक्त कई शिक्षक सेवानिवृत्त हो चुके हैं और पेंशन संबंधी लाभ नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने इसे समानता के अधिकार से जुड़ा विषय बताते हुए राज्य सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित