चंडीगढ़ , जून 12 -- हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने खेल नर्सरियों में अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य की 11 खेल नर्सरियों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई विभागीय जांच और जमीनी स्तर पर किए गए निरीक्षण के बाद की गई है।

खेल विभाग की रिपोर्ट में नूह, यमुनानगर, हिसार और भिवानी जिलों में संचालित कई खेल नर्सरियों में गंभीर खामियां सामने आईं। इनमें खेल उपकरणों की कमी, प्रशिक्षण सुविधाओं का अभाव, खेल मैदानों का खराब रखरखाव तथा रिकॉर्ड में दर्ज खिलाड़ियों और वास्तविक खिलाड़ियों की संख्या में अंतर शामिल है।

बंद की गई नर्सरियों में नूह के सरकारी मॉडल संस्कृति स्कूलों की तीन खेल नर्सरियां, यमुनानगर के तेजली स्थित शहीद परमिंदर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की साइकिलिंग नर्सरी, हिसार के आर्य नगर और गंगवा क्षेत्र की बॉक्सिंग व फुटबॉल नर्सरियां, मसूदपुर पंचायत की दो फुटबॉल नर्सरियां तथा भिवानी के जीएमएसएसएसएस की बॉक्सिंग और वॉलीबॉल नर्सरियां शामिल हैं।

गौरव गौतम ने कहा कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और राज्यभर की अन्य खेल नर्सरियों की भी गहन जांच की जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों, उप निदेशकों और प्रशिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि खेल नर्सरियों की निगरानी और निरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कोचों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित