चेन्नई , अक्टूबर 24 -- बंगाल की खाड़ी में बना लगातार दूसरा निम्न दबाव का क्षेत्र शनिवार सुबह स्पष्ट रूप से चिह्नित हो गया। इसके और सघन होकर पहले अवदाब तथा फिर 26 अक्टूबर की सुबह चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के आसार हैं।

लगातार दो निम्न दबाव प्रणालियों के बने रहने और पूर्वोत्तर मानसून के सक्रिय होने से तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही थी। इनमें विशेष रूप से राज्य के दक्षिणी जिलों और कुड्डालोर जैसे उत्तरी जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी घाट क्षेत्र और दक्षिणी तटीय जिलों में भी काफी भारी बारिश हुई।

सप्ताहांत की छुट्टियों के कारण पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से कोडईकनाल और उदगमंडलम (ऊटी) के पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाली सड़कों के कई हिस्सों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। इससे यातायात बाधित हुआ और जाम की स्थिति पैदा हो गई।

लगातार बारिश और पहाड़ी पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाली घाट सड़कों पर कई स्थानों पर भूस्खलन को देखते हुए डिंडीगुल और नीलगिरि जिला प्रशासन ने पर्यटकों को क्रमशः कोडईकनाल और ऊटी की यात्रा 26 अक्टूबर तक टालने की सलाह दी है।

मेट्टुपालयम-ऊटी मार्ग पर भी इसी तरह के भूस्खलन की खबरें मिली हैं। केरल से ऊटी आए कई छात्र भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में फंस गए थे। अग्निशमन विभाग ने शनिवार को उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इस बीच, मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, चेन्नई शहर और उसके आसपास के इलाकों में फिलहाल बारिश के आसार कम हैं। बीती रात कुछ स्थानों पर रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव क्षेत्र के और तीव्र होने पर चेन्नई में भी बारिश तेज हो सकती है।

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में बताया कि बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कल बना निम्न दबाव क्षेत्र शनिवार सुबह 5.30 बजे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्पष्ट रूप से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया।

इसके इसी क्षेत्र में बने रहने और आज शाम तक अवदाब में बदलने की प्रबल अनुमान है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और रविवार को गहरे अवदाब में तब्दील हो सकता है। सोमवार सुबह तक इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार हैं। बंगलादेश के सुझाव पर इस तूफान का नाम 'अरनब' रखा जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अरनब और तीव्र हो सकता है तथा 28 अक्टूबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश तट के निकट पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित