सुलतानपुर , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के निबंधन विभाग के राजस्व में करीब तीन गुना वृद्धि हुई है। पहले जहां विभाग को लगभग 11 हजार करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व प्राप्त होता था, वहीं अब यह बढ़कर करीब 38 हजार करोड़ रुपये हो गया है। श्री जायसवाल ने कहा कि रजिस्ट्री कराने वाले क्रेता और विक्रेता दोनों सरकार को टैक्स देते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
राज्यमंत्री ने सुलतानपुर जिले की लंभुआ और जयसिंहपुर तहसीलों में नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालयों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि नवनिर्मित कार्यालयों में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिसर को वातानुकूलित बनाया गया है तथा क्रेता-विक्रेताओं के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय परिसरों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीति भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की है। भ्रष्टाचार से संबंधित कोई भी शिकायत संज्ञान में आने पर तत्काल जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री जायसवाल ने बताया कि रक्त संबंधियों के बीच संपत्ति के हस्तांतरण पर पांच हजार रुपये के स्टाम्प शुल्क की व्यवस्था की गई है, जबकि महिलाओं के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री कराने पर एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्तमान में 104 नए उप निबंधन कार्यालयों का निर्माण कराया जा रहा है।
इस अवसर पर जयसिंहपुर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल, अयोध्या मंडल अध्यक्ष रामजीत पाल, जयसिंहपुर बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविशंकर मिश्र, जयसिंहपुर ब्लॉक प्रमुख राहुल शुक्ला, मोतिगरपुर ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रताप सिंह, कादीपुर नगर प्रमुख आनंद जायसवाल तथा विभागीय अधिकारियों में डीआईजी अयोध्या मंडल जगदंबा शुक्ला, एआईजी धर्मेंद्र कुमार चौधरी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित