पटना , अप्रैल् 30 -- निबंधन कार्यालय में चोरी की साजिश रचने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य),सुश्री दीक्षा ने गुरूवार को बताया कि बुधवार को गांधीमैदान थानांतर्गत गश्ती दल को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्तियों द्वारा निबंधन (रजिस्ट्री) कार्यालय में घुसने का प्रयास किया जा रहा है।प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गश्ती दल मौके पर पहुंचा, जहां निबंधन कार्यालय की चारदीवारी पर तीन व्यक्तियों को लोहे की रॉड के साथ चढ़ा हुआ पाया गया तथा कार्यालय के समीप एक वाहन खड़ी देखी गई।पुलिस को देखते ही तीनों व्यक्तियों ने वाहन से भागने का प्रयास किया ।पुलिस बल के सहयोग से वाहन चालक सहित चार लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

सुश्री दीक्षा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के क्रम में यह ज्ञात हुआ कि वे निबंधन कार्यालय से कागजात की चोरी करने के उद्देश्य से आए थे तथा उन्हें इस कार्य के लिए उनके तीन अन्य साजिशकर्ताओं द्वारा भेजा गया था।गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी की घटना में प्रयुक्त होने वाले औजार, चार मोबाइल फोन एवं 40,000 रूपये बरामद किए गए हैं। साथ ही वाहन को भी जप्त किया गया है।गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कटिहार जिला पुलिस के सहयोग से योजना बनाने एवं चोरी के लिए रुपए उपलब्ध कराने वाले तीनों अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।गिरफ्तार अभियुक्तों का इस प्रकार के कागजात की चोरी में पूर्व में भी संलिप्तता रही है।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित