अरनथांगी/चेन्नई , अप्रैल 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) सरकार पर तीखा हमला बोला और जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनाने की अपील की।

श्री नवीन ने अरनथांगी में जनसभा को संबोधित करते हुए द्रमुक का मतलब "धोखा, भ्रष्टाचार और लूट" बताते हुये आरोप लगाया कि राज्य सरकार गरीबों के लिए आवास बनाने में विफल रही है, जबकि कांग्रेस नेताओं के लिए आलीशान घरों पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे आवास, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत का लाभ देशभर में मिल रहा है, लेकिन तमिलनाडु में इनका पूरा फायदा लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार परिवारवाद की राजनीति कर रही है, जिसमें सत्ता एक ही परिवार तक सीमित है। उन्होंने कहा कि आम पृष्ठभूमि से आने वाले व्यक्ति के लिए मुख्यमंत्री बनना लगभग असंभव हो गया है।

उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और कथित अवैध शराब कांड का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हुई, लेकिन सरकार ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखाई। उन्होंने उदयनिधि स्टालिन और अन्य नेताओं पर सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी मानसिकता को जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं दी हैं, जिनमें रेलवे, मेट्रो और सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।

सभा के अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि वह आगामी चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत से जीत दिलाकर "डबल इंजन सरकार" बनाएं, जिससे राज्य में विकास और सुशासन सुनिश्चित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित