पटना , अप्रैल 6 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को देशभर के कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और संगठन को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने में उनके समर्पण और त्याग की सराहना की।

श्री नवीन ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जनसंघ से लेकर एक प्रमुख राजनीतिक शक्ति बनने तक की यात्रा अनगिनत कार्यकर्ताओं की निरंतर प्रतिबद्धता, कड़ी मेहनत और वैचारिक निष्ठा की कहानी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के विजन को याद करते हुए कहा कि पार्टी अपने मार्गदर्शक सिद्धांत "अंत्योदय", अर्थात समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के प्रति हमेशा अडिग रही है।

श्री नवीन ने कहा कि संस्थापक नेताओं ने जिस अंत्योदय के सपने को देखा था, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हकीकत में साकार हो रहा है।

भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी की मूल विचारधारा को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी एकजुट हो कर "नेशन फर्स्ट" के सिद्धांत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करें और "विकसित भारत" के निर्माण के लिए पूरी ऊर्जा के साथ में लग जाएँ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित