पटना,30 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
श्री नवीन के इस्तीफे को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने स्वीकार कर लिया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने श्री नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद संबंधित नियमों का अनुपालन करते हुए उनका इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. कुमार को सौंप दिया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. कुमार ने इस संबंध में कहा कि श्री नवीन का बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
डॉ. कुमार ने बताया कि श्री नवीन की ओर से इस्तीफा पत्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें सौंपा है। उन्होंने कहा कि इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और इसके बाद इसे आगे की प्रक्रियात्मक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने की सूचना भी प्राप्त हुई है।
डॉ. कुमार ने मुख्यमंत्री के साथ अपने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोने ने एक साथ लंबे समय तक साथ काम किया है। भले ही श्री कुमार इस सदन से जा रहे हैं, लेकिन उनका ध्यान हमेशा बिहार पर रहेगा। वह राष्ट्रीय और राज्य दोनों राजनीति में सक्रिय भूमिका अदा करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्षों से श्री कुमार के साथ उनका संबंध सौहार्दपूर्ण रहा है और आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित