सहारनपुर , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार तीसरे पहर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचेंगे जहां वे उन्हें पांच माह बाद होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का मंत्र देंगे और उनमें जोश और उमंग भरने का काम करेंगे।
साथ ही वे बूथ स्तर और शक्ति केंद्रों पर पार्टी की तैयारियों का जायजा लेंगे और मेरठ प्रांत के भाजपा के पूर्व राज्यसभा, पूर्व लोकसभा, पूर्व विधान परिषद और पूर्व विधानसभा के सदस्यों के साथ करीब दो घंटे तक मंथन कर उनसे फीडबैक लेने का काम करेंगे।
भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री नृपेंद्र सैनी और जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने सोमवार शाम बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सड़क मार्ग से मेरठ से बड़े काफिले के साथ सहारनपुर पहुंचेंगे। उनका खतौली में कोकड़ा चौराहे पर टाटा शोरूम के पास, सहारनपुर के देवबंद में रोहाना टोल प्लाजा पर, नागल में जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी की अगुवाई में और कोलकी टोल प्लाजा पर, सहारनपुर नगर में दिल्ली रोड़ पर कमिश्नर आफिस के नजदीक, बलियाखेड़ी ब्लाक कार्यालय के पास उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि सहारनपुर नगर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने अनुसूचित जाति के बूथ अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त शिक्षक अजब सिंह के आवास पर ओजपुरा में भोजन ग्रहण करेंगे और वहीं पास में स्थित संत रविदास जी के मंदिर में जाकर पूजा करेंगे। पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने कहा कि इस वर्ष देश संत रविदास की 650वीं जयंती मना रहा है, जिसकी शुरूआत बनारस से हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नगर में अंबाला रोड़ पर स्थित सरोवर पोर्टिको होटल में भाजपा के पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ करीब दो घंटे बैठक करेंगे। नितिन के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद पावड़े, सहप्रभारी एवं गुजरात से राज्यसभा के सदस्य जगदीश पटेल, भाजपा के प्रांतीय अध्यक्ष एवं वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सैनी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और सहारनपुर के जिलाध्यक्ष अजीत राणा और महामंत्री आदि बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पश्चिम क्षेत्र में निवास करने वाले राष्ट्रीय, प्रांतीय, क्षेत्रीय और जनपदों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
क्षेत्रीय महामंत्री रूपेंद्र सैनी के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष युवाओं, छात्रों और बूथ स्तर के कार्यकर्त्ताओं को चुनावी प्रबंधन एवं अन्य जिम्मेदारियों के निवर्हन को लेकर मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली वापस लौट जाएंगे। जिन प्रमुख भाजपा नेताओं को इस महत्वपूर्ण बैठक में आमंत्रित किया गया है उनमें बागपत के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सत्यपाल तोमर, मेरठ के पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, पूर्व राज्यसभा सदस्य विजयपाल सिंह तोमर, मुजफ्फरनगर के पूर्व सांसद डा. संजीव बालियान, सोहनवीर सिंह, सहारनपुर के पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी, पूर्व मंत्री डा. धर्मसिंह सैनी, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व विधायक महिपाल माजरा, पूर्व विधायक रविंद्र मोल्लू, पूर्व विधायक उमेश मलिक आदि शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित