हैदराबाद , जून 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कल्याण और विकास के एजेंडे को हर घर तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 'वंशवाद की राजनीति, भ्रष्टाचार और कुशासन' का अंत करके तेलंगाना में अगली सरकार बनाएगी।

श्री नवीन ने तेलंगाना के नामपल्ली के एग्जीबिशन ग्राउंड में 'पोलिंग बूथ कार्यकर्ताओं' की बैठक में कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने आगामी ग्रेटर हैदराबाद और नगर निकाय चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर जनसंपर्क तेज करने का आग्रह करते हुए नारा दिया कि 'बूथ जीता तो चुनाव जीता।'भाजपा अध्यक्ष ने याद दिलाया कि पार्टी हमेशा तेलंगाना के साथ खड़ी रही है। पार्टी ने 1984 में देश भर में जीती अपनी दो लोकसभा सीटों में से एक सीट इसी राज्य से जीती थी। उन्होंने तेलंगाना आंदोलन का समर्थन करने में दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज की भूमिका की भी सराहना की।

श्री नबीन ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस दोनों पर जनता की उम्मीदों पर खरा न उतरने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस सरकार नौकरियां देने सहित अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने दोनों दलों पर भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। इसके साथ ही उप्पल एलिवेटेड कॉरिडोर, एमएमटीएस द्वितीय चरण, सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास और काजीपेट रेल विनिर्माण इकाई जैसी बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं तेलंगाना में लागू की जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने आतंकवाद, माओवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।

श्री नबीन ने भरोसा जताया कि भाजपा 2028 के तेलंगाना विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने हर भाजपा कार्यकर्ता से 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित