पटना , जनवरी 19 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करना पार्टी में एक नए युग की शुरुआत है।
श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि आज का दिन पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करने वाली पार्टी है।पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का आज नामांकन हुआ और मंगलवार को इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी, और भाजपा को नया अध्यक्ष मिलेगा। यह पूरे संगठन के लिए गर्व का पल होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा न किसी एक जाति की बल्कि एक परिवार की पार्टी है। यह पल भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की नीति का बड़ा उदाहरण है। एक समर्पित कार्यकर्ता का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना पूरे संगठन के लिए सम्मान की बात है।उन्होंने कहा कि वंशवाद की राजनीति में, सिर्फ परिवार के सदस्यों को ही चुना जाता है जबकि भाजपा का हर कार्यकर्ता भाजपा परिवार का हिस्सा माना जाता है।यह चुनाव प्रक्रिया भाजपा की उस परंपरा को दिखाती है जिसमें मेहनत और समर्पण के दम पर कोई भी कार्यकर्ता शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
श्री सरावगी ने विश्वास जताते हुए कहा कि नितिन नबीन कार्यकर्ताओं के चहेते हैं। वह पार्टी के एक मजबूत और काबिल राष्ट्रीय अध्यक्ष साबित होंगे। वे पटना के रहने वाले हैं, जिससे हमारी खुशी और भी बढ़ जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित