अलवर , अप्रैल 27 -- राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र में देवी माता मंदिर रोड स्थित सनराइज पब्लिक स्कूल में शिक्षक की क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

आरोप है कि विद्यालय के एक शिक्षक ने कक्षा-सात के छात्र को प्रार्थना सभा के दौरान करीब 10 मिनट तक डंडे से बेरहमी से पीटा। इससे छात्र के दाहिने हाथ से खून बहने लगा और उसके शरीर पर 15 से 20 जगह चोटों एवं डंडे के निशान उभर आए।

पीड़ित छात्र के पिता ने बानसूर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 24 अप्रैल को सुबह करीब साढ़े नौ बजे प्रार्थना सभा के दौरान शिक्षक ने उनके बेटे को सबके सामने बुलाया और बिना किसी कारण बताए डंडे से पिटाई शुरू कर दी। जब छात्र ने पूछा कि उसे क्यों मारा जा रहा है, तो शिक्षक ने धमकाते हुए कहा, "पहले पिट, फिर बाद में बताऊंगा।"परिजनों के अनुसार मारपीट के दौरान छात्र के दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। दर्द से कराहते हुए जब छात्र जमीन पर गिर गया, तब भी शिक्षक ने पिटाई जारी रखी। छात्र के हाथ, कमर और पैरों में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

परिजनों ने बताया कि घटना के बाद बच्चा मानसिक रूप से भी काफी डरा हुआ है और स्कूल जाने से इन्कार कर रहा है। आरोप है कि सुबह हुई घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को दोपहर करीब डेढ़ बजे दी। जब परिजन विद्यालय पहुंचे तो प्रिंसिपल ने उन्हें काफी देर तक टालमटोल किया। परिजनों का कहना है कि पुलिस में शिकायत की बात सामने आने पर स्कूल प्रबंधन ने मामला दबाने और शिक्षक को बचाने का प्रयास किया। आरोपी शिक्षक ने कथित रूप से कहा, "पुलिस केस कर लो, उससे क्या होगा।"पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2021-22 में इसी विद्यालय में उनकी बेटी के साथ भी मारपीट की घटना हुई थी। लगातार दूसरी बार परिवार के बच्चों के साथ ऐसी घटना होने से परिजन बेहद आक्रोशित हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से छेड़छाड़ की जा सकती है, क्योंकि स्कूल प्रबंधन फुटेज उपलब्ध कराने में आनाकानी कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित