नोएडा , फरवरी 07 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 38ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल के एक निजी बार में बाउंसरों द्वारा युवक के साथ की गई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाउंसर एक युवक को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीट रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बीती शुक्रवार की रात कुछ युवक गार्डन गैलेरिया मॉल के एक बार में पार्टी करने पहुंचे थे। पार्टी समाप्त होने के बाद जब वे बाहर निकल रहे थे, तभी किसी बात को लेकर बार के बाउंसरों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली बहस हाथापाई में बदल गई और बाउंसरों ने युवक पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नोएडा सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस के अनुसार, डांस करने को लेकर बार के बाहर दो पक्षों में आपसी विवाद हुआ था। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विवाद में शामिल दोनों पक्षों के कुल सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित